बिलाल खत्री
बड़वानी बैगलेस डे शनिवार के अवसर पर पीएम श्री शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 बड़वानी के विद्यार्थियों ने स्कूल ट्विनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य निकटवर्ती श्रेष्ठ विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं नवाचारों एवं उत्कृष्ट गतिविधियों को देखकर उनसे सीखना था।
इस दौरान विद्यार्थियों ने अटल टिंकरिंग लैब भौतिक विज्ञान रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं तथा स्मार्ट कक्षाओं का अवलोकन किया। भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला में ऑसिलोस्कोप, रे-लॉन्चर, टेलीस्कोप, पेरिस्कोप, ट्रांसफॉर्मर एवं वैन डी ग्राफ जनरेटर जैसे उपकरणों ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा उत्पन्न की।
विद्यालय की आकर्षक स्मार्ट कक्षाएँ विद्यार्थियों द्वारा किए गए रचनात्मक प्रयास, दीवारों पर शैक्षणिक चित्र एवं सीढ़ियों पर लिखे गणितीय सूत्र सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने विद्यालय की सुंदर व्यवस्था एवं नवाचारों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। यह भ्रमण उनके लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अनुभवात्मक शिक्षण का यादगार अवसर रहा। इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य एवं समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।





