बिलाल खत्री
आलीराजपुर, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत जिले के इच्छुक युवाओं से उद्योग, सेवा एवं खुदरा व्यवसाय (रिटेल ट्रेड) स्थापित करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र ने बताया कि योजना में उद्योग क्षेत्र के लिए 50 हजार से 50 लाख रुपये तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय के लिए 50 हजार से 25 लाख रुपये तक की परियोजना लागत निर्धारित है। योजना का लाभ 18 से 45 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण आवेदक ले सकते हैं। इसके तहत 7 वर्ष तक 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान देय है।
योजना अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण, मसाला, अचार, बेकरी, फर्नीचर निर्माण, कम्प्यूटर सर्विस सेंटर, मोबाइल रिपेयरिंग, ब्यूटी पार्लर, रेस्टोरेंट, वाहन सर्विस सेंटर, मेडिकल स्टोर, किराना एवं जनरल स्टोर सहित विभिन्न व्यवसायों के लिए आवेदन किया जा सकता है।
इच्छुक आवेदक ऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है।





