बिलाल खत्री
आलीराजपुर मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आलीराजपुर की अध्यक्षता में आयोजित तीन दिवसीय सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन ए.डी.आर. भवन आलीराजपुर में हुआ।
प्रशिक्षण में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं सहायक प्रशिक्षक बुरहानपुर विधि सक्सेना तथा वरिष्ठ प्रशिक्षक जबलपुर शाहिद मोहम्मद ने जिले के विभिन्न समाजों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सामुदायिक मध्यस्थता के उद्देश्य, महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रतिभागियों को आपसी संवाद, समझाइश एवं सहमति के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करने का प्रशिक्षण दिया गया।
समापन अवसर पर विधि सक्सेना ने कहा कि छोटे विवादों का प्रारंभिक स्तर पर ही आपसी सहमति से समाधान किया जाना चाहिए। प्रधान जिला न्यायाधीश ने कहा कि सामुदायिक मध्यस्थता सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द एवं पारिवारिक संबंधों को बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं शाहिद मोहम्मद ने मध्यस्थता में निष्पक्षता, धैर्य एवं संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में प्रथम जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण , मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट , न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी , चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सहित विभिन्न समाजों के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे।





