कसरावद में अध्यापक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शनिवार को विशाल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। अस्पताल गार्डन से शुरू हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
कसरावद संवाददाता सलीम खान
तपती धूप के बावजूद करीब 1000 शिक्षक-शिक्षिकाएं रैली में शामिल हुए और टीईटी परीक्षा के विरोध में नारेबाजी कर सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग की। सभी शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर आंदोलन में भाग लिया।
क्या है टीईटी
टीईटी (Teacher Eligibility Test) शिक्षक पात्रता परीक्षा है, जो शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता सुनिश्चित करने के लिए आयोजित की जाती है। पहले यह परीक्षा नई भर्ती के लिए अनिवार्य थी, लेकिन अब सेवारत शिक्षकों के लिए भी इसे अनिवार्य करने की प्रक्रिया से शिक्षकों में असंतोष बढ़ गया है।
किन शिक्षकों पर पड़ेगा असर
जानकारी के अनुसार आरटीई अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों तथा पदोन्नति के पात्र शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किए जाने की संभावना है। इससे बड़ी संख्या में लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षक प्रभावित होंगे।
शिक्षकों की मुख्य मांग
शिक्षक संगठनों ने लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को टीईटी से छूट देने, सेवा अनुभव को मान्यता देने और निर्णय वापस लेने की मांग की है। साथ ही नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की मांग की है।
विधायक ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र
क्षेत्रीय विधायक सचिन यादव ने शिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टीईटी अनिवार्यता के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों पर पुनः पात्रता परीक्षा लागू करना उचित नहीं है और इससे शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी किया समर्थन
जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर ने भी शिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टीईटी अनिवार्यता को वापस लेने या राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की वर्षों की सेवा और अनुभव को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाना चाहिए।
रैली को जिला संयुक्त मोर्चा के दिनेश पटेल,ग्यारसीलाल पटेल , संजय कर्मा,संजय शर्मा मनीष शुक्ला, दिलीप यादव
सहित शिक्षक शिक्षिकायें उपस्थित रहे।।कार्यक्रम का संचालन मोहन यादव ने किया।
अध्यापक संयुक्त मोर्चा ने बताया कि 18 अप्रैल को भोपाल में होने वाले प्रदेश स्तरीय आंदोलन में कसरावद विकासखंड से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे।
बाइट दिनेश पटेल





