ad
best news portal development company in india

हादसों पर अंकुश लगाने कलेक्टर के सख्त निर्देश, खतरनाक मोड़ों और ब्लैक स्पॉट्स पर होगी त्वरित कार्रवाई।

SHARE:


जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार 

धार। कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


कलेक्टर ने इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुनावद फाटा के खतरनाक मोड़ में सुधार के लिए एनएच, राजस्व, पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं बदनावर-उज्जैन मार्ग के बदनावर जंक्शन पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने तथा महू-घटाबिल्लौद मार्ग पर इंडोरमा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
सड़क हादसों की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर बीएलएस के स्थान पर एएलएस एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स के समीप शासकीय भवनों के पास एम्बुलेंस पार्किंग प्लान तैयार करने को कहा गया।


आम नागरिकों एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धार मुख्यालय में इंदौर नाका से गुलाब चक्कर तक करीब 2.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर फुटपाथ निर्माण के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति की अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस एवं परिवहन विभाग को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।


बैठक में राहवीर योजना के लंबित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृत करने तथा सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कार्यों का जल्द से जल्द पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई