खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
विद्यार्थियों को सिकल सेल एनीमिया के कारण, लक्षण एवं उपचार की दी गई जानकारी,
150 विद्यार्थियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग, “सिकल सेल मित्र” प्रमाण पत्र वितरित
खरगोन ।शासकीय कन्या महाविद्यालय खरगोन (GDC) एवं ऑनलाइन सर्विस एसोसिएशन (OSA) के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत प्रथम संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन 10 अप्रैल 2026 को महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य डॉ. आरके यादव की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं युवाओं को इस गंभीर आनुवांशिक रोग के संबंध में शिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों को रोग के कारण, लक्षण, रोकथाम, समय पर जांच एवं उपलब्ध उपचार विकल्पों की जानकारी दी गई। वक्ताओं द्वारा बताया गया कि जागरूकता एवं प्रारंभिक जांच के माध्यम से सिकल सेल रोग के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस अवसर पर OSA की ओर से विनीत असरोदिया, फाउंडेशन प्रतिनिधि पंकज परिहार, पराग सागर फाउंडेशन से पराग सागर तथा सिकलसेल सक्षम राजस्थान फाउंडेशन की ओर से ललित परगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में सिकल सेल जागरूकता को सामाजिक आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम को नोवो नोरडिस्क का सहयोग एजुकेशन मटेरियल के रूप में प्राप्त हुआ। साथ ही जिला चिकित्सालय खरगोन के सहयोग से लगभग 150 विद्यार्थियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग भी की गई, जिससे रोग की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को “सिकल सेल मित्र” प्रमाण पत्र वितरित किए गए, ताकि वे समाज में सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाने के साथ-साथ सिकल सेल उन्मूलन की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।





