खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
26 व्यक्तियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए अरविंदो अस्पताल इंदौर भेजा जाएगा
खरगोन । भीकनगांव विकासखंड के ग्राम हेलापड़ावा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 15 नवंबर को वृहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 3536 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 189 मरीजों की मोतियाबिंद जांच की गई एवं 26 व्यक्तियों को ऑपरेशन के लिए अरविंदो अस्पताल इंदौर भेजा गया।

इस दौरान 12 बच्चों की ईको जांच की गई, जिनमें से 8 बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी प्रकार 295 गर्भवती महिलाओं एवं 56 सामान्य सोनोग्राफी जांचें भी की गईं।

स्वास्थ्य शिविर में आवश्यकतानुसार मरीजों की ईको, सोनोग्राफी, ईसीजी, एक्स-रे तथा आवश्यक पैथोलॉजी जांचें शिविर स्थल पर ही की गईं। शिविर में विशेष रूप से सिकल सेल, मधुमेह तथा उच्च रक्तचाप की जांच की गई। साथ ही जिन हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी एवं आयुष्मान ई-केवायसी शेष थे, उनकी प्रक्रिया पूर्ण कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाया गया।

स्वास्थ्य शिविर में इंदौर मेडिकल कॉलेज, खंडवा मेडिकल कॉलेज, आयुष विभाग इंदौर तथा एम. जी. एम. मेडिकल कॉलेज इंदौर के चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा निरूशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त खरगोन जिला अस्पताल एवं निजी विराज अस्पताल, खरगोन के चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. चिन्मय भालके तथा विधायक प्रतिनिधि डॉ. डी. एस. सोलंकी द्वारा भी सेवाएं दी गईं। स्वास्थ्य विभाग के लगभग 600 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने प्रातः 9 बजे से शिविर समाप्ति तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलतसिंह चैहान ने स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन के लिए जिले के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य शिविर में सांसद प्रतिनिधि सुधीर यादव, विधायक प्रतिनिधि डॉ. डी. एस. सोलंकी, पूर्व विधायक धुलसिंह डावर, जनपद अध्यक्ष संगीता नार्वे, वेस्ता पटेल, अनुविभागीय अधिकारी भीकनगांव आकांक्षा करोठिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत झिरन्या, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. चंद्रजीत सावले, जिला स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारी एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।






