खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के द्वारा राहवीर योजना के अंतर्गत चिन्हित राहवीरों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर किया सम्मानित,
सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने हेतु भारत सरकार द्वारा संचालित है राहवीर योजना,
गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले नागरिकों को किया जाता है सम्मानित।
खरगोन। भारत सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु संख्या में कमी लाने एवं गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “राहवीर योजना” संचालित की जा रही है । इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नागरिकों को “राहवीर” के रूप में सम्मानित किया जाता है । चयनित राहवीरों को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है ।
वर्ष 2025 में घटित विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले नागरिकों के प्रस्ताव राहवीर योजना अंतर्गत परिवहन विभाग को भेजे गए थे । उक्त प्रस्ताव स्वीकृत होने पर संबंधित राहवीरों के लिए प्रशस्ति पत्र जारी किए गए।
दिनांक 26.05.2026 को पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के द्वारा राहवीर योजना के अंतर्गत चयनित राहवीरों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए । इस अवसर पर दिनेश पिता घनश्याम कोहली निवासी महुमांडली थाना बिस्टान, ब्रजेश पिता रेवाराम यादव निवासी बड़वाह एवं राजेन्द्र पिता नानुराम जायसवाल निवासी सैलानी, खरगोन को सम्मानित किया गया ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित राहवीरों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता कर मानवता का परिचय देने हेतु प्रेरित किया गया ।





