खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन ग्रामीण अनुराग ने पुलिस कंट्रोल रूम खरगोन में अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित मामलों की समीक्षा की और थाना गोगावां का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन अनुराग द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम खरगोन में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित अपराध, लंबित शिकायतें, लंबित मर्ग, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, जमानत निरस्तीकरण सहित विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
इसके साथ ही अवैध गौवंश परिवहन, अवैध फायर आर्म्स तस्करी, अवैध जुआ सट्टा जैसे लघु अधिनियमों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आईजी अनुराग ने थाना गोगावां का निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक लंबित अपराध और ऐसे मामलों की वन टू वन समीक्षा की, जिनमें आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक शेष है।
इस दौरान संबंधित एसडीओपी और थाना प्रभारी से चर्चा करते हुए फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया , साथ ही जिले की कानून व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा, पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुन्तला रुहल, भिकनगांव एसडीओपी राकेश आर्य और थाना प्रभारी दीपक यादव सहित अन्य अधिकारी, पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने हमारे संवाददाता को बताया कि वार्षिक अपराध संबधी जिला खरगोन सहित थाना क्षेत्रों का निरीक्षण कर, समीक्षा की जा रही है,इसी को लेकर आज गोगावां थाने का निरीक्षण किया गया है साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर समीक्षा बैठक ली गई और कानून व्यवस्था के पहलुओं पर चर्चा की गई ।





