ad
best news portal development company in india

26 अप्रैल को होगी राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा–2026

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री


खरगोन जिले में 8 परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में आयोजन,
परीक्षा की समय-सारणी, केंद्र सूची एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की पूरी जानकारी जारी

खरगोन। राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा–2026 का आयोजन रविवार, 26 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी भव्या मित्तल द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में संपन्न होगी। परीक्षा का सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

राज्य सेवा व राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के लिये प्रेक्षक नियुक्त

राज्य सेवा व राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के लिये एन.सी. नागराज, से.नि. उच्च न्यायिक सेवा (मो. 97520-76098) को संभागीय प्रेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। नागराज इंदौर संभाग में आने वाले जिले (खरगोन, खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर) में आवश्यकतानुसार भ्रमण कर सकते है।

परीक्षा का समय एवं सत्र

राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा–2026 दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। प्रथम सत्र प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक रहेगा, जिसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश प्रातः 09.15 बजे से 09.45 बजे तक दिया जाएगा। वास्तविक परीक्षा समय 10.00 बजे से 12.00 बजे तक रहेगा।

द्वितीय सत्र दोपहर 02.15 बजे से 04.15 बजे तक आयोजित होगा। इस सत्र में अभ्यर्थियों का प्रवेश दोपहर 01.30 बजे से 02.00 बजे तक रहेगा। निर्धारित समय के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

खरगोन जिले में निर्धारित परीक्षा केंद्र

परीक्षा के लिए खरगोन जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 2839 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। निर्धारित परीक्षा केंद्र इस प्रकार हैं—
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, तिलक पथ, खरगोन (300), शासकीय कन्या महाविद्यालय, बीटीआई रोड, आनंद नगर, खरगोन (400), शासकीय देवी अहिल्या बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, खंडवा रोड, खरगोन (300),
देवी अहिल्या शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, तिलक पथ, खरगोन (300), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोटीपुरा, उमरखली रोड, खरगोन (250), गोकुलदास पब्लिक स्कूल, बिस्टान रोड, खरगोन (400), द क्रिएटिव पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, खंडवा रोड, गोपालपुरा, खरगोन (400), शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिस्टान रोड, खरगोन (489)

परीक्षा में अनुमत एवं प्रतिबंधित वस्तुएं

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय अभ्यर्थियों को ई-प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, निर्धारित स्याही का पेन, स्वयं का फोटो, पारदर्शी पानी की बोतल एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सामग्री लाने की अनुमति होगी।

परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार की स्टेशनरी सामग्री जैसे पेंसिल, रबर, स्केल, बैग, पुस्तक, कागज, आईटी गैजेट्स एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, हेडफोन, ब्लूटूथ आदि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अतिरिक्त चाबी, पर्स, बेल्ट, धूप का चश्मा, पर्स/वॉलेट, टोपी, ताबीज, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान लाना वर्जित रहेगा।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश

अभ्यर्थी चप्पल व साधारण सैंडल पहनकर परीक्षा केंद्र आ सकेंगे, जबकि चेहरा ढंककर परीक्षा कक्ष में प्रवेश निषिद्ध रहेगा। प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान महिला अभ्यर्थियों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखने तथा परीक्षा कक्ष में यथासंभव महिला शिक्षक की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं। आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र एवं मूल फोटो पहचान पत्र का मिलान कर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें तथा निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होकर सहयोग प्रदान करें, जिससे परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *