भोपाल / राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर अवैध रूप से संचालित वाइन शॉप के अहाते में खुलेआम शराबखोरी चल रही थी, लेकिन स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले से अनजान बनी रही।
सूत्रों के अनुसार, इस अहाते में रोजाना देर रात तक लोग चोरी-छुपे शराब पीते थे। आसपास के रहवासियों का कहना है कि कई बार संदिग्ध गतिविधियां भी यहां देखी गईं, जिससे इलाके का माहौल बिगड़ रहा था। हैरानी की बात यह है कि इतनी नजदीकी के बावजूद शाहजहानाबाद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, या फिर उन्होंने जानबूझकर अनदेखी की।
मामले का खुलासा तब हुआ जब क्राइम ब्रांच भोपाल ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब 30 से 35 लोगों को मौके से पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है कि जब अवैध गतिविधियां थाने के इतने करीब चल रही थीं, तो स्थानीय पुलिस की भूमिका क्या थी? लोगों का आरोप है कि यह सीधी-सीधी लापरवाही या मिलीभगत का मामला हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई ने जहां अवैध शराबखोरी पर रोक लगाने का काम किया है, वहीं शाहजहानाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।





