खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
गेहूं,चना उपार्जन, उर्वरक भण्डारण व सिंचाई परियोजना, व्यवस्थाओं समीक्षा की,
समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश
खरगोन।कलेक्टर भव्या मित्तल द्वारा किसानों के हित में गेहूं, चना उपार्जन एवं उर्वरक भण्डारण व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर भव्या मित्तल ने झिरन्या कृषि उपज मंडी पहुंचकर गेहूं एवं चना उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ने उपार्जन केन्द्रों पर भण्डारित गेहूं एवं चना का समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित करने, हम्मालों तथा तौल कांटों की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा कृषकों की स्लॉट बुकिंग की सम्पूर्ण प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश राजस्व, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को दिए। इस दौरान किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।
इसके पश्चात् भीकनगांव में उर्वरक भण्डारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर भव्या मित्तल ने निर्देशित किया कि किसान अग्रिम रूप से उर्वरकों का उठाव करें तथा जिले को आवंटित उर्वरक का पूर्ण भण्डारण प्राथमिकता से समितियों में एवं तत्पश्चात मार्कफेड में किया जाए। साथ ही भण्डारण क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त गोदामों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी के साथ बिंजलवाड़ा सिंचाई परियोजना अंतर्गत ग्राम खारवी के पंप नंबर–04 का भ्रमण कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि एसएस राजपूत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लोकेश छापरे, क्षेत्रीय प्रबंधक मार्कफेड अर्पित तिवारी, जिला विपणन अधिकारी रोहित श्रीवास्तव, जिला आपूर्ति अधिकारी एचएस मुवेल, तहसीलदार केएस चौहान एवं रविन्द्र चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





