धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
धार, 23 अप्रैल, 2026। प्राचार्य, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कुक्षी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं वाणिज्य संकाय (Commerce Stream) में कुछ सीटें रिक्त हैं, जिन पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वर्तमान में विज्ञान (Science stream)और कला संकाय (Art Stream) में कोई सीट रिक्त नहीं है; इन संकायों में सीटें रिक्त होने की स्थिति में ही प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश की पात्रता एवं शर्तें
प्रवेश के लिए केवल अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राएं ही पात्र होंगी। आवेदक छात्रा की आयु 31 मार्च 2026 को 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया मेरिट सूची के आधार पर संपन्न होगी, जिसमें कक्षा 10वीं सीबीएसई (CBSE) उत्तीर्ण छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन की प्रक्रिया
इच्छुक छात्राएं प्रवेश हेतु आवेदन फॉर्म विद्यालय कार्यालय से कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से अपराह्न 4 बजे तक प्राप्त कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त आवेदन फॉर्म विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.emrskukshi.org.in से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। भरे हुए आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 2 मई, 2026 निर्धारित की गई है।
आवश्यक दस्तावेज
प्रवेश के समय छात्राओं को कक्षा 10वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और नवीनतम फोटोग्राफ सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। विस्तृत जानकारी के लिए विद्यालय कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।





