सामुदायिक भवन, सड़क और स्कूल में बनेगी हाईटेक लैब; विधायक ने छात्र-छात्राओं को साइकिल बांटकर बढ़ाया उत्साह
टोंकखुर्द। सोनकच्छ विधानसभा के विधायक राजेश सोनकर ने टोंक खुर्द ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। विधायक ने ग्राम दोंता जागीर, कराडिया, गोरवा और फतनपुर में पहुँचकर सामुदायिक भवन, सीसी सड़क निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्यों का भूमि पूजन किया।
शिक्षा पर विशेष फोकस: स्कूल में बनेगी उत्कृष्ट लैब
क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उत्कृष्ट प्रायोगिक लैब (Science Lab) निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अब आधुनिक तरीके से प्रयोग करने और सीखने का अवसर मिलेगा।
छात्रों का सम्मान और साइकिल वितरण
कार्यक्रम के दौरान ‘स्कूल चलें अभियान’ के अंतर्गत विधायक ने विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने बच्चों को पुष्पहार पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। विधायक ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों और वरिष्ठजनों की रही मौजूदगी
भूमि पूजन और सम्मान समारोह के अवसर पर ग्रामों के सरपंच, पंच, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के प्रारंभ होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक का स्वागत किया। विधायक ने स्पष्ट किया कि विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है।





