धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
कुक्षी। नगर के पटेल मार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने आम जनता और किसानों की नींद उड़ा दी है। चोरों के बढ़ते हौसलों के विरोध में आज पटेल मार्ग के रहवासियों ने पुलिस थाना कुक्षी पहुँचकर पुलिस अधीक्षक एवं SDOP के नाम एक ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा।
बाइक चोरी से दहशत में रहवासी
ज्ञापन में मुख्य रूप से पटेल मार्ग पर हो रही मोटरसाइकिल चोरियों का मुद्दा उठाया गया। रहवासियों का आरोप है कि चोर आए दिन बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन का वाचन संदीप पटेल ने किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की और चोरों को नहीं पकड़ा, तो रहवासी पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग की होगी।
किसानों के पंप भी निशाने पर
केवल नगर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी चोरों का आतंक जारी है। किसानों ने भी इस प्रदर्शन में शामिल होकर अपना विरोध दर्ज कराया। किसानों का कहना है कि खेतों और कुओं पर लगे मोटर पंप लगातार चोरी हो रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई में भी भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान मोहल्ले के देवेश पटेल, गोविन्द मुकाती, भुवान रास वाला, महिमाराम पाटीदार, गोल्डी पाटीदार, जीतेन्द्र पाटीदार, नरेन्द्र पाटीदार, धन्नालाल पाटीदार, विनय पाटीदार, देवराज पाटीदार सहित बड़ी संख्या में नागरिक और किसान मौजूद थे।





