ठेकेदार के घर से लगभग 50 तोला सोना, 4 लाख नकद और 3 मोबाइल लेकर भाग निकले बदमाश
धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
बाग टांडा क्षेत्र में चोर बदमाशों पर पुलिस का कोई खौफ नहीं इसका उदाहरण बाग के ब्राह्मण मोहल्ले में आज सुबह 10 बजे एक सनसनीखेज घटना हुई। पांच अज्ञात लोग इनकम टैक्स अधिकारी बनकर ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर में घुस गए। उन्होंने ब्लैक मनी की जांच का हवाला देकर घर की तलाशी ली और ठेकेदार दंपति को बंधक बना लिया।
बदमाशों ने ठेकेदार की पत्नी श्रीमती कृष्णा से अलमारी की चाबी लेकर लगभग 50 तोला सोने के गहने (जिसमें बेटी के गहने भी शामिल थे) और 4 लाख रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने राजकुमार मालवी और उनकी पत्नी को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और तीन मोबाइल फोन के साथ गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।घर में बंधक बने राजकुमार मालवी ने शोर मचाकर मोहल्ले वालों को इकट्ठा किया। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बाग पुलिस मौके पर पहुंची और बाहर लगे ताले तोड़कर मालवी दंपति को बाहर निकाला। इसके बाद दंपति ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता, कुक्षी टीआई राजेश यादव और बाग टीआई कैलाश चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर का निरीक्षण किया और घटना की विस्तृत जानकारी ली। जांच के दौरान, लुटेरों द्वारा ले जाए गए तीन मोबाइलों में से एक बायपास रोड पर कचरे के ढेर में मिला है।
धार जिला पुलिस कप्तान मयंक अवस्थी ने बताया कि धार साइबर टीम को बाग भेजा गया है और जिले के सभी थानों को आरोपियों की तलाश के लिए सूचित कर दिया गया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
ठेकेदार राजकुमार मालवी ने बताया कि उन्होंने इनकम टैक्स अधिकारि समझकर जांच में सहयोग किया था, लेकिन बाद में उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ।





