भोजशाला परिसर में एंटी-सैबोटेज टीम व्दारा की गई सघन जांच, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
बसंत पंचमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए भोजशाला में सुरक्षा जांच, परिसर पूर्णतः सुरक्षित।
धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
आगामी 23 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले बसंत पंचमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक धार श्री मयंक अवस्थी के निर्देशन में धार पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज भोजशाला परिसर में एंटी-सैबोटेज टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान बीडीएस टीम खरगोन द्वारा भोजशाला परिसर के समस्त क्षेत्र की सूक्ष्मता एवं व्यवस्थित तरीके से तलाशी ली गई। जांच उपरांत किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि नहीं पाई गई तथा परिसर को पूर्णतः सुरक्षित पाया गया। बसंत पंचमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए धार पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
भोजशाला परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने हेतु सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
धार पुलिस आमजन से अपील करती है कि शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।






