बिलाल खत्री
आलीराजपुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय में विधिक जागरूकता साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
विधिक साक्षरता शिविर में विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को साइबर क्राईम की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीक हमारे दैनिक जीवन को आकार दे रही है, वहीं स्मार्टफोन और इंटरनेट के बढते इस्तेमाल ने साइबर क्राइम को बढावा दिया है, जिससे साइबर क्राइम एक गंभीर समस्या बन गया है।
साइबर क्राइम में हैकिंग, व्यक्तिगत डाटा चोरी, वायरस फैलाना, आॅनलाईन धोखाधडी आदि गतिविधियां शामिल है। अपराधी इंटरनेट का उपयोग लोगों से जानकारी लेने, धन या पहचान चुराने के लिए करते है, जिसके कारण हमें भारी नुकसान उठाना पड सकता है। साइबर क्राइम से बचने के लिए एंटीवायरस साॅफ्टवेयर का उपयोग करना, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करना, लाॅगईन जानकारी शेयर न करना, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नही करना चाहिए। इसके साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल अधिकार, पाॅक्सो अधिनियम, बाल श्रम विरोधी कानूनों, यातायात नियम आदि की भी जानकारी दी गई।
महाविद्यालय में पैरालीगल वाॅलेंटियर्स द्वारा हेल्प डेस्क के माध्यम से पेम्पलेट्स, ब्रोशर्स आदि वितरित कर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क विधिक सलाह एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। साथ ही परिसर में न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह का सेल्फी पांईट भी बनाया गया व बाल विवाह के विरूद्ध शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी जय पाटीदार, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, पैरालीगल वाॅलेंटियर्स तथा विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।






