ad
best news portal development company in india

अवैध हथियारों की तस्करी पर खरगोन पुलिस का बड़ा प्रहार, बंगाल निवासी आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

04 देशी पिस्टल, 01 देशी कट्टा और मोबाइल फोन जब्त,अन्य आरोपियों की तलाश जारी
खरगोन। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खरगोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भीकनगांव की चौकी बमनाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 04 अवैध देशी पिस्टल और 01 देशी कट्टा बरामद किया है। जब्त हथियारों की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपए बताई जा रही है। साथ ही आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियारों के निर्माण, खरीदी बिक्री और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय कर अवैध हथियारों के नेटवर्क पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
23 मई 2026 को चौकी बमनाला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सिगनूर क्षेत्र के किसी सिकलीगर से अवैध हथियार खरीदकर ग्राम ललनी के पोई फाटा प्रतिक्षालय पर बस पकड़ने आने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भीकनगांव निरीक्षक नीरज सारवान एवं चौकी प्रभारी बमनाला उपनिरीक्षक राजेन्द्र अवास्या के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने ग्राम ललनी स्थित पोई फाटा प्रतिक्षालय पर घेराबंदी कर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आमिनूल इस्लाम पिता साजाहान अली उम्र 27 वर्ष निवासी काशीमनगर नुतनपारा रायपुर थाना हरीहरपारा जिला मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल हाल मुकाम देवास नाका निपानिया इंदौर बताया।
जब पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी ली तो उसमें 04 देशी पिस्टल एवं 01 देशी कट्टा मिला। आरोपी से हथियारों के संबंध में लाइसेंस या वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 80 हजार रुपए कीमत की 04 देशी पिस्टल, करीब 15 हजार रुपए कीमत का 01 देशी कट्टा तथा 20 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भीकनगांव में अपराध क्रमांक 104/25 के तहत धारा 25(1) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि इंदौर में काम करने के दौरान उसकी पहचान ग्राम टेमरनी के एक युवक से हुई थी, जिसने अपने परिचित सिकलीगर के माध्यम से उसे ये अवैध हथियार उपलब्ध कराए थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह कार्रवाई एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज सारवान, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र अवास्या, उपनिरीक्षक मोहरसिंह बघेल, उपनिरीक्षक बोदरसिंह जमरे, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश पांडे, आरक्षक राहुल समूदरे, दिलीप मासरे, शैलेश जमरे, अर्पित सिंह, मुकेश नरगावे, अखिलेश, थाना प्रभारी गोगावां दीपक यादव एवं टीम, थाना प्रभारी सनावद धर्मेंद्र यादव एवं टीम तथा साइबर सेल से अभिलाष डोंगरे का विशेष योगदान रहा।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *