खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
छात्र-छात्राओं को मिला कार्य अनुभव का व्यावहारिक प्रशिक्षण,
ब्यूटी एवं आईटी क्षेत्र में 20 दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग प्रारंभ।
खरगोन । नवीन व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि विद्यालय, बिस्टान में सत्र 2025–26 के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा के साथ कार्य अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से 02 मई से 25 मई तक 20 दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग कराई जा रही है।
इस प्रशिक्षण के अंतर्गत ब्यूटी एवं वैलनेस तथा आईटी विषय के विद्यार्थियों को स्थानीय प्रतिष्ठानों में व्यावहारिक अनुभव दिलाया जा रहा है। आईटी विषय के छात्र-छात्राओं की ऑन जॉब ट्रेनिंग न्यू विनायक कंप्यूटर सेंटर में आयोजित की जा रही है, जहाँ नीरज गोले द्वारा कंप्यूटर से संबंधित कार्यों, ऑनलाइन सेवाओं एवं डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी प्रतिदिन दी जा रही है।
वहीं ब्यूटी एवं वैलनेस विषय की छात्राओं को श्रेया ब्यूटी पार्लर में पार्लर संचालन से जुड़े विभिन्न कौशल कार्य सिखाए जा रहे हैं। पार्लर संचालक पूजा तिरोले द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण से छात्राओं के कौशल, आत्मविश्वास एवं कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
यह संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्था प्राचार्य बलराम भंवर, प्रभारी प्राचार्य ओमप्रकाश भालसे एवं जितेन्द्र चौहान की सहमति से आयोजित किया जा रहा है। साथ ही ओरियन एजुटेक के राज्य समन्वयक वित्तुम दुबे, लर्ननेट स्किल के राज्य समन्वयक अर्पित शर्मा एवं जिला व्यावसायिक समन्वयक भूतेष हिरवे के मार्गदर्शन में व्यावसायिक प्रशिक्षिका रजनी पाटिल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षक अजय पाटीदार प्रतिदिन छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित रहकर प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
उपरोक्त ऑन जॉब ट्रेनिंग का निरीक्षण संबंधित कंपनी के राज्य समन्वयक, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला व्यावसायिक समन्वयक द्वारा समय-समय पर किया जा रहा है।






