खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत जिले के 1948 कृषकों को सिंगल क्लिक के माध्यम से 2,92,22,471 रुपये का भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 1.33 लाख किसानों को 233 करोड़ रुपये की भावांतर राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया, जिसका सजीव प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम देखा गया।

खरगोन मंडी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने योजना से लाभान्वित कृषकों को बधाई देते हुए कहा कि योजना के प्रारंभ में किसानों को कई शंकाएं थीं, लेकिन 15 दिवस की विक्रय अवधि के बाद सोयाबीन के निकाले गए मॉडल रेट और समर्थन मूल्य के अंतर की राशि 1308 रुपये का अंतरण कृषकों के खातों में किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तय किए गए न्यूनतम समर्थन मूल्य और मुख्यमंत्री डॉ यादव की कृषक हितैषी योजना के फलस्वरूप यह संभव हो पाया है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों द्वारा भगवान बलराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। खरगोन मंडी में योजना अंतर्गत सर्वाधिक राशि से लाभान्वित होने वाले कृषकों में सर्वश्री अविनाश दांगी, जितेंद्र भावसार, घनश्याम सिंह राणा, दिनेश गुप्ता और भूपेंद्र कछवाये को कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर भव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा, अपर कलेक्टर रेखा राठौर, एसडीएम वीरेन्द्र कुमार कटारे, उप संचालक कृषि एसएस राजपूत, कृषि उपज मण्डी सचिव शर्मिला निनामा, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि खरगोन जिले में 88,911 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सोयाबीन की बोवनी हुई थी। भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत पंजीकृत कृषकों द्वारा दिनांक 24.10.25 से दिनांक 06.11.2025 के बीच जिले की मंडियों और उपमंडियों में 31,477.53 क्विंटल सोयाबीन का विक्रय किया गया था। योजनांतर्गत सोयाबीन के समर्थन मूल्य 5,328 रुपये और मॉडल रेट 4,020 रुपए के अंतर की राशि पंजीकृत कृषकों के खातों में अंतरित की गई है।






