खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
पुलिस ने सभी समुदाय के लोगों से की शांति व भाईचारे से त्योहार मनाने की अपील,
धार्मिक शांति और भाईचारे का दिखा अनोखा उदाहरण सभी समुदाय के अनुयाई आए एक साथ मंच पर,
बैठक में सोशल मीडिया पर फेक न्यूज वायरल न करने व अफवाहों पर ध्यान न देने के बारे में दी सख्त हिदायत।
खरगोन। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन व अति. पुलिस अधीक्षक खरगोन शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में जिले के समस्त एसडीओपी व थाना प्रभारियों को समाज के गणमान्य नागरिको की बैठक ली जाने हेतु निर्देशित किया गया था ।
इसी क्रम में जिले के समस्त थानों एवं चौकियों पर कानून व्यवस्था व सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए थाना व चौकी क्षेत्रों के शांति समिति के सदस्य व समाज के गणमान्य नागरिकों की बैठक ली गई है । बैठक में सभी क्षेत्र वासियों से आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में उनके सहयोग करने की अपील की । उपस्थित गणमान्य नागरिकों द्वारा भी इस पहल को सराहा गया व आगामी त्यौहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण भाई चारे से आगामी पर्व मनाने के सम्बन्ध में प्रत्येक समुदाय के लोगों ने आश्वासन दिया है एवं पुलिस व प्रशासन का हर संभव सहयोग करने हेतु आश्वासन दिया है ।
आयोजित शांति समिति एवं मोहल्ला बैठकों में मोहर्रम पर्व के दौरान पूर्व निर्धारित मार्गों से अखाड़ा जुलूस एवं ताजियों के संचालन पर सहमति बनी साथ ही शहर में पर्व के दौरान निकाले जाने वाले ताजियों की ऊँचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की जानकारी दी गई, जिस पर मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने सहमति व्यक्त की । इसके अतिरिक्त ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस मार्गों पर साफ सफाई सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश एवं समझाइश दी गई ।
बैठकों के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली फेक न्यूज (Fake News), रूमर्स (Rumors) एवं अफवाहों से सतर्क रहने की विशेष अपील की गई । नागरिकों से कहा गया कि किसी भी वीडियो, फोटो या संदेश पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें । साथ ही स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या हिंसा भड़काने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी । इस संबंध में जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों की भी जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई ।





