शेख़ नसीम। भोपाल / बाग उमराव दूल्हा अंडर ब्रिज आगामी 3 अक्टूबर से निर्माण कार्य के चलते बंद किया जा रहा है। इससे पहले बोगदा पुल को भी प्रशासन द्वारा बंद किया जा चुका है, जबकि 90 डिग्री ऐशबाग आरओबी भी बंद पड़ा है। लगातार प्रमुख मार्गों के बंद होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई वैकल्पिक रास्ता तैयार नहीं किया गया है। ऐसे में बाग उमराव दूल्हा अंडर ब्रिज को भी बंद किए जाने से क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं।
भारत टॉकीज, बरखेड़ी और जहांगीराबाद को जोड़ने वाला बाग उमराव दूल्हा अंडर ब्रिज बंद होने के बाद लोगों को आवागमन के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों अधिक खर्च होंगे।
ऐशबाग, अहमद अली कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, बाग फरहत अफजा, सोनिया गांधी कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नवीन नगर, महामाई का बाग, चाणक्यपुरी और बाग उमराव दूल्हा सहित आसपास के बड़े इलाकों की बड़ी आबादी इस अंडर ब्रिज से रोजाना आवागमन करती है। अंडर ब्रिज बंद होने से स्कूल जाने वाले बच्चों, कॉलेज के छात्र-छात्राओं और कामकाजी लोगों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को निर्माण कार्य शुरू करने से पहले यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि एक साथ कई प्रमुख रास्ते बंद होने से आम जनता को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।





