अवधपुरी बायपास से शुरू हुआ पीछा, गोविंदपुरा के गुलाब उद्यान के पास घेराबंदी कर दबोचा; 90 लीटर अवैध शराब जब्त
भोपाल | राजधानी में अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में अवैध शराब ले जा रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार की डिग्गी और पिछली सीट पर शराब छुपाकर सप्लाई करने जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर फिल्मी अंदाज में पीछा
क्राइम ब्रांच को पुख्ता सूचना मिली थी कि अवधपुरी बायपास के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (MP04 TB 5176) में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए शासकीय और प्राइवेट वाहनों से कार का पीछा करना शुरू किया। आखिरकार गोविंदपुरा के गुलाब उद्यान के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया गया।
डिग्गी और सीट के नीचे मिली 10 पेटी शराब
कार की तलाशी लेने पर डिग्गी के अंदर 7 पेटी और पिछली सीट पर 3 पेटी देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई। चालक ने अपना नाम विशाल मेहरा (30 वर्ष) निवासी भानपुर बताया। जब पुलिस ने शराब परिवहन से संबंधित लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
45 हजार की शराब और कार जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 90 लीटर शराब (500 क्वार्टर) जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 45,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी राजसात करने की कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आरोपी का प्रोफाइल
पकड़ा गया आरोपी विशाल मेहरा 10वीं तक पढ़ा है और पेशे से ड्राइवर है। वह अपनी खुद की गाड़ी का उपयोग शराब की सप्लाई के लिए कर रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस का अभियान: शहर में अवैध शराब और ड्रग्स के खिलाफ क्राइम ब्रांच की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक मरावी के नेतृत्व में उनि गोविन्द यादव, उनि सूरज रंधावा और उनकी टीम के लक्ष्मण तोमर, अनिल दांगी व अन्य साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





