चंद्रशेखर आजाद नगर में बनेगा ‘आज़ाद पार्क’, जन्मभूमि को संस्कृति विभाग बनाएगा दर्शनीय : मुख्यमंत्री डॉ यादव
मुख्यमंत्री ने 171.19 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले की ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण की घोषणा की
मुख्यमंत्री ने किया जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
बिलाल खत्री
आलीराजपुर चंद्रशेखर आजाद नगर की पावन धरा जहाँ आजाद ने अपना बचपन व्यतीत किया और जिसके कण-कण से उनकी आत्मीयता जुड़ी रही। इस ऐतिहासिक स्थल पर आजाद पार्क की स्थापना करने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि चंद्र शेखर आजाद नगर को देश-विदेश से आने वाले लोगों के लिए प्रेरणा एवं गौरव का केंद्र बनाया जाएगा। संस्कृति विभाग के माध्यम से इस स्थान को विकसित कर आकर्षक एवं दर्शनीय स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि भावी पीढ़ियाँ आजाद के जीवन, संघर्ष और बलिदान से परिचित हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजाद की जन्मभूमि केवल एक स्थान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मसम्मान की जीवंत प्रतीक है, जिसे सहेजना और संवारना हम सभी का दायित्व है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अमर शहीद चंद्र शेखर आजाद के 95वें बलिदान दिवस के अवसर चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित कार्यकम की कही।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज आलीराजपुर जिले के भाबरा (चंद्रशेखर आजाद नगर) पहुंचकर महान क्रांतिकारी, शिरोमणि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के 95वें बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह भूमि वीरों की तपोभूमि है, जिसने अंग्रेजों के दमनकाल में चंद्रशेखर आजाद और छीतु किराड़ जैसे योद्धाओं को जन्म देकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा भिलट देव, डूंगर देव, पाटला देव, काजल माता, मालवई माता और डोंगरी माता के आशीर्वाद से यह जनजातीय अंचल अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। हमारी सरकार इसी श्रद्धा और सम्मान के भाव के साथ जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं और वीर विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने आजाद कुटिया में पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा चंद्रशेखर आजाद के जीवनकाल की वीरगाथाओं और दुर्लभ तस्वीरों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और अदम्य साहस के बलबूते बुलंदियों को छूने वाले आजाद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। मात्र 15 वर्ष की आयु में वे वर्ष 1921 के असहयोग आंदोलन में शामिल हो गए थे। गिरफ्तारी के बाद जब मजिस्ट्रेट के सामने उनका नाम पूछा गया तो उन्होंने गर्व से उत्तर दिया नाम: आजाद, पिता का नाम: स्वतंत्र और घर: जेल। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा अद्वितीय साहस केवल अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ही दिखा सकते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बचपन में आजाद भील बालकों के साथ रहते हुए निशानेबाजी की कला में दक्ष हुए, जिसने आगे चलकर उन्हें एक अद्वितीय क्रांतिकारी बनाया। उनके जीवन से यह शिक्षा मिलती है कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो अपने साथ-साथ अपने साथियों के लिए भी सदैव तत्पर रहे। अंग्रेजों के विरुद्ध हमारे जनजातीय नायकों ने अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी और उनकी वीरता का इतिहास स्वर्णाक्षरों में अंकित है। राज्य सरकार ने सदैव इन नायकों का सम्मान किया है। इसी क्रम में क्रांति सूर्य टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा।
विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में 1800 करोड़ रुपये की लागत से नर्मदा पाइपलाइन परियोजना के माध्यम से किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने का कार्य प्रगति पर है। आज 34.20 करोड़ रुपये की लागत से खंडाला में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया गया, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षा और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। इसके साथ ही 27.75 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुलों का लोकार्पण किया जा रहा है। उपस्वास्थ्य केंद्रों एवं छात्रावासों का भी लोकार्पण कर आमजन को समर्पित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आलीराजपुर का आर्थिक तंत्र गुजरात के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। आज भारत विश्व पटल पर सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को सहयोग प्रदान कर रही है। अंतिम यात्रा को गरिमामय बनाने के लिए शव वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। लाड़ली बहनों को आत्मनिर्भरता हेतु प्रतिमाह 1500 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर प्रगति हो रही है और सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले नागरिकों को राहवीर योजना के तहत 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय अंचल का सर्वांगीण विकास, वीरों की विरासत का सम्मान और हर वर्ग के कल्याण का संकल्प ही राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने 171.19 करोड़ रुपये की लागत के भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कर-कमलों द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर कुल 79.92 करोड़ रुपये लागत के 14 कार्यों का लोकार्पण किया तथा 119.02 करोड़ रुपये लागत के 35 कार्यों का भूमिपूजन किया। इस प्रकार 171.19 करोड़ रुपये की ये विकास परियोजनाएं जिले की प्रगति के नए अध्याय की शुरुआत बनकर जन-जन की आकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले की ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने ग्राम पंचायत अंबारी मेन रोड से मोरधी होते हुए ग्राम चांदपुर साकडी फलिया तक 3 किलोमीटर, ग्राम पानमहुडी रातड़ मार्ग से रातड़ एवं रातड वास्केल फलिया तक 1.50 किलोमीटर, ग्राम चांदपुर बाजार फलिया से मांडाबयडा फलिया तक (व्हाया खोडियावाड पटेल फलिया, गुरफली फलिया, घुघरिया, मोहड़ा फलिया तीन बहेड़िया, पानी माहली तक 9 किलोमीटर, भाबरा कट्ठीवाड़ा मार्ग से गवली फलिया बडीपोल तक 5 किलोमीटर, छापरी से खेरियामाली सीमा तक ग्राम पंचायत अमनकुआं 8 किलोमीटर, पुजारा फलिया से बिलझिरि फलिया तक ग्राम पंचायत मेंढा 3 किलोमीटर, मेन रोड से बारिया फलिया महेन्द्रा तक 6 किलोमीटर, पटेल फलिया से भुरसिंह फलिया जवानियां तक 3 किलोमीटर की सड़क के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने किया जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण वितरण किया गया, जिसमें 75 समूहों को कुल राशि 4.11 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। इस अवसर पर संगीता अजित (देवराज समूह) एवं आरती मुकेश (महादेव समूह) को लाभान्वित किया गया। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। इसमें याशिल राठोड़ (टाइल्स शॉप) को 10.00 लाख रुपये, मोहसीन मकरानी (वाहन सेवा) को 2.50 लाख रुपये तथा विधान वाणी (ऑटो पार्ट्स एवं रिपेयरिंग) को 1.85 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री खाद्य उद्यम उन्नयन योजना अंतर्गत अनुदान राशि सोहेल–सलिम खान, ग्राम चन्द्रशेखर आजाद नगर को प्रदान की गई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के तहत प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत ड्रिप सिस्टम के लिए 3,30,767 रुपये की अनुदान राशि मथुरिया भारत, ग्राम बरझर एवं दलसिंह कुवरा, ग्राम देवली को वितरित की गई।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान जनप्रतिनिधिगण , प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





