बिलाल खत्री
आलीराजपुर, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के अंतर्गत नवाचार के तहत पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला पंचायत आलीराजपुर द्वारा फतेह क्लब में गत दिवस एक दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की समस्त जनपद पंचायतों की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरीबाई खरत एवं जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान टीम ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने, नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता में जनपद पंचायत जोबट की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और 21 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। जनपद पंचायत कट्ठीवाड़ा की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जिसे 11 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। तृतीय स्थान जनपद पंचायत आलीराजपुर को प्राप्त हुआ, जिसे 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं उदयगढ़ एवं सोंडवा की टीमों को 1100-1100 रुपये के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आयोजन के सफल संचालन पर प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस दौरान कार्यक्रम में समस्त जनपद एवं जिला जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं जनजातीय खेल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





