खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत थाना गोगावां द्वारा बच्चों को सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम बजरंगपुर स्थित सरकारी स्कूल में महिला सब इंस्पेक्टर प्रियंका जमरे ने बालक-बालिकाओं को विभिन्न संवेदनशील मुद्दों पर सरल भाषा में जागरूक किया।
कार्यक्रम में “गुड टच – बैड टच”, महिला अपराध, साइबर अपराध तथा सोशल मीडिया पर वीडियो फोटो के माध्यम से ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों के दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, बाल अपराध, बाल/बंधुआ मजदूरी, दहेज प्रताड़ना, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता में बालिकाओं से जुड़े अपराधों के प्रावधानों की जानकारी भी बच्चों को दी गई।
एसआई प्रियंका जमरे ने बच्चों को सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत अभिभावकों या पुलिस को सूचना देने तथा अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की समझाइश दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समाधान पुलिस अधिकारी द्वारा किया गया।
विद्यालय स्टाफ ने थाना गोगावां की इस उपयोगी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ उन्हें आत्मविश्वासी बनाते हैं।






