बिलाल खत्री
बड़वानी भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को एकजुटता की भावना के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य कुंदन राठोर द्वारा वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई । साथ ही राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद प्राचार्य कुंदन राठोर ने अपने संबोधन में कहा सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 565 से अधिक रियासतों को सफलतापूर्वक भारत संघ में एकीकृत कर असंभव से लगने वाले कार्य को संभव बनाया था। आज का दिन हमें उनकी दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद दिलाता है।
राष्ट्रीय एकता हमारे देश की समृद्धि और विकास की आधारशिला है और हमें उन सभी विचारों या कार्यों से बचना चाहिए जो देश की एकता को कमजोर करते हैं। सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदर्शों पर चलने और देश की आंतरिक सुरक्षा और एकता सुनिश्चित करने में प्रत्येक नागरिक के योगदान पर जोर दिया । इसके अतिरिक्त विद्यालय की छात्रा जाह्नवी मंडलोई ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला तथा शिक्षक प्रशांत धनगर ने अपने भाषण के माध्यम से विविधता में एकता के महत्त्व पर प्रकाश डाला द्य यह आयोजन सरदार पटेल के दृष्टिकोण का स्मरण था और इसने नागरिकों को एक मजबूत और एकजुट भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन में विद्यार्थियों ने भारत को एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया ।






