राजगढ़ जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार
अरुणा जादव ने जीता गोल्ड, गायत्री परमार ने हासिल किया सिल्वर मेडल; 16 से 18 नवंबर तक होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता।
राजगढ़। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ की दो प्रतिभाशाली छात्राओं का राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। छात्रा कुमारी अरुणा जादव एवं कुमारी गायत्री परमार ने सीनियर आयु वर्ग की अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः गोल्ड एवं सिल्वर मेडल हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कराटे कोच अश्विनी दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों छात्राएं अब पश्चिम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 16 से 18 नवंबर 2026 तक छिंदवाड़ा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर एसडीएम सरदारपुर अजमेर सिंह गोड़, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, सीईओ जोशुवा पीटर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी वीर सिंह राजपूत, विद्यालय प्राचार्य सुनील ओस्तवाल एवं वरिष्ठ अध्यापक संगीता पाठक ने हर्ष व्यक्त करते हुए कोच अश्विनी दीक्षित एवं दोनों खिलाड़ी छात्राओं को बधाई दी तथा आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।





