खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
जनगणना, उपार्जन, शिक्षा, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों की हुई गहन समीक्षा,
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और व्यवस्थाओं में सुधार के सख्त निर्देश
खरगोन 0। कलेक्टर भव्या मित्तल की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में जनगणना, राजस्व, शिक्षा, कृषि, आपदा प्रबंधन, पेयजल, उपार्जन, न्यायालयीन प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले में जनगणना का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस पर कलेक्टर भव्या मित्तल ने प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को नजरी नक्शा, नगर/ग्राम रजिस्टर एवं चार्ज रजिस्टर तैयार करने तथा CMMS पोर्टल पर समय पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्थानांतरण नीति के अंतर्गत सभी जिला अधिकारियों को ट्रांसफर सूची शीघ्र तैयार कर कलेक्टर कार्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिले के जर्जर भवनों को चिन्हित कर डिस्मेंटल करने की कार्यवाही करने तथा पेड़ों की कटाई छंटाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जिला अधिकारियों को हॉस्टलों का नियमित निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं में कमी को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए। ड्रॉपआउट एवं माइग्रेट हुए बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में गेहूं एवं चना उपार्जन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में गेहूं का 95 प्रतिशत एवं चने का 96 प्रतिशत भुगतान किसानों को किया जा चुका है तथा परिवहन का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने इसके लिए संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए शेष किसानों का भुगतान शीघ्र ई-पीओ जारी कर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मूंग उपार्जन का पंजीयन प्रारंभ होने पर सभी पटवारियों को किसानों के घर जाकर गिरदावरी करने एवं एसडीएम से शीघ्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उद्यानिकी फसलों की भी गिरदावरी करने को कहा गया।
बैठक में ई-विकास प्रणाली अंतर्गत उर्वरक वितरण की समीक्षा में वन पट्टाधारी किसानों को भी उर्वरक सहजता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए । उपसंचालक कृषि को आगामी जुलाई माह तक जिले में आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। फार्मर रजिस्ट्री की तहसीलवार समीक्षा कर इसमें तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण प्रकरणों का 07 से 15 दिवस में निराकरण करने, बटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। जनपद सीईओ भगवानपुरा एवं ईई पीएचई को भगवानपुरा एकलव्य विद्यालय में पेयजल व्यवस्था स्कूल खुलने से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्राम पंचायत ऊन में कुएं के गंदे पानी की शिकायत पर जनपद सीईओ खरगोन को तत्काल कुआं बंद करवाने, उससे पेयजल वितरण रोकने तथा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम सिनखेड़ी में पेयजल उपलब्ध नहीं होने की शिकायत का त्वरित निराकरण करने को कहा गया।
बैठक में हिट एंड रन प्रकरणों की समीक्षा में सभी तहसीलदारों को लंबित मामलों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत अमृत सरोवर, डगवेल, फार्म पॉन्ड, जल संरक्षण कार्यों के साथ आगामी 15 जून तक पौधारोपण के लिए गड्ढे तैयार करने के लिए सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए ।
अंत में न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर भव्या मित्तल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का जवाब निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे, संयुक्त कलेक्टर हेमलता सोलंकी, आकांक्षा अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर प्रताप कुमार अगास्या, सभी एसडीएम सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वही अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।





