खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा की गरिमामय उपस्थिति में हुआ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ,
महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य मार्ग बनेगा बड़वानी, यातायात और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस,
टीओटी (TOT) मॉडल के तहत खरगोन जिले के शत प्रतिशत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा प्रशिक्षण।
खरगोन। वर्ष 2028 में उज्जैन की पावन नगरी में आयोजित होने वाले ‘सिंहस्थ महापर्व’ को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा समस्त जिलों में प्रशिक्षण आयोजित करने हेतु निर्देश जारी किए गए थे । इसी तारतम्य में आज जिला मुख्यालय खरगोन स्थित स्वामी विवेकानन्द हाल में जिला पुलिस बल के लिए छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डीआईजी खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा ने इस अवसर पर जानकारी देते बताया कि सिंहस्थ एक अत्यंत विशाल और ऐतिहासिक सांस्कृतिक महापर्व है, जहां देश विदेश से करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु, संत महात्मा और पर्यटक आते हैं । इस महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आवासीय व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में खरगोन जिला पुलिस भी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएगी ।
प्रशिक्षण में बताया गया कि भौगोलिक दृष्टि से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खरगोन जिला एक मुख्य प्रवेश मार्ग (रूट) रहेगा साथ ही जिले में स्थित महेश्वर धार्मिक एवं पर्यटन स्थल होने से सिंहस्थ महापर्व के दौरान आम जन के लिए मुख्य केंद्र बिन्दु रहेगा । अतः यहाँ से गुजरने वाले यात्रियों की सहायता, सुगम यातायात प्रबंधन और उनके ठहरने (आवासीय) की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस बल को विशेष तौर पर तैयार किया जा रहा है । हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाहर से आने वाले हर एक दर्शनार्थी को पुलिस की ओर से हर संभव सहायता, सम्मान और सुरक्षित माहौल मिल सके ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के शत प्रतिशत पुलिस बल को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है । आज प्रथम चरण में 83 पुलिस कर्मियों को एक साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है । यह पूरा कार्यक्रम टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ द ट्रेनर्स) मॉडल पर आधारित है । इसमें तैयार किए गए मास्टर ट्रेनर्स (प्रशिक्षक) जिले में पदस्थ शत प्रतिशत बल को 06 दिवसीय प्रशिक्षण मॉडल के अनुसार आगे प्रशिक्षित करेंगे । इसके लिए एक विस्तृत शिक्षण कौशल मॉडल, ट्रेनिंग कैलेंडर और दिशा निर्देश तैयार किए जा चुके हैं ।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा, अति. पुलिस अधीक्षक खरगोन (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल, एसडीओपी खरगोन रोहित लखारे, थाना प्रभारी यातायात रमेश सोलंकी, सूबेदार दीपेन्द्र स्वर्णकार सहित विभाग के सभी प्रमुख अधिकारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। ये सभी वरिष्ठ अधिकारी प्रशिक्षण सत्रों के दौरान पुलिस बल का मार्गदर्शन और मॉनिटरिंग करेंगे ।






