खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
जिले के होनहार बालक बालिकाओं को मिलेगा व्यवस्थित प्रशिक्षण,
20 बालक एवं 20 बालिकाओं का होगा चयन।
खरगोन । जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग खरगोन द्वारा जिला खेल अधिकारी पवी दुबे के निर्देशन में स्टेडियम मैदान, खरगोन में हाँकी फीडर सेंटर के लिए प्रतिभा पहचान (टैलेंट आइडेंटिफिकेशन) एवं चयन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
हाँकी फीडर सेंटर के कोच प्रवीण किरावर ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता, गति, सहनशक्ति, खेल कौशल एवं हाँकी की मूलभूत तकनीकी क्षमताओं का परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों एवं चयनकर्ताओं द्वारा मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 बालक एवं 20 बालिकाओं का चयन फीडर सेंटर के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हाँकी फीडर सेंटर का उद्देश्य जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण, सतत मार्गदर्शन एवं बेहतर खेल अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान हाँकी कोच इकबाल खान, अनिल पाण्डेय, जीतेन्द्र हिरवे सहित अन्य प्रशिक्षक उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विभाग द्वारा चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क हाँकी किट एवं नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को और अधिक निखारते हुए उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके।






