मशहूर बदमाश ‘जावेद चिकना’ और उसकी पत्नी सहित एक अन्य साथी दबोचा; एमपी नगर से शुरू हुई कड़ी और शाहजहानाबाद में हुई बड़ी बरामदगी
भोपाल | राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने शहर के कुख्यात बदमाशों के पास से करीब 7 लाख रुपये कीमत की 1.630 किलोग्राम चरस जब्त की है। शातिर तस्करों ने नशे की खेप को पुलिस से बचाने के लिए वाशिंग मशीन के ड्रायर में छुपाकर रखा था।
ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल
क्राइम ब्रांच को पुख्ता सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-1 स्थित मेटोश्वर महादेव मंदिर के पीछे एक व्यक्ति एक्टिवा पर चरस बेचने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर मंजूर मोहम्मद खान उर्फ जुनेद को दबोचा। उसके पास से 126.45 ग्राम चरस मिली। कड़ाई से पूछताछ करने पर मंजूर ने बताया कि वह यह चरस शाहजहानाबाद निवासी नौशीन खान से खरीदता है।
वाशिंग मशीन से निकला नशे का खजाना
मंजूर की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच ने शाहजहानाबाद के अमीरगंज में दबिश दी। वहां नौशीन खान और उसका पति जावेद खान (उर्फ जावेद चिकना) मौजूद थे। घर की सघन तलाशी के दौरान पुलिस तब हैरान रह गई जब वाशिंग मशीन के ड्रायर में एक काले बैग से खाकी टेप में लिपटे चरस के 7 पैकेट बरामद हुए। यहां से कुल 1.501 किलोग्राम चरस जब्त की गई।
जावेद चिकना पर दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक केस
पकड़ा गया आरोपी जावेद खान पेशेवर अपराधी है। उस पर भोपाल के जहांगीराबाद, ऐशबाग, हबीबगंज और क्राइम ब्रांच सहित विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, नौशीन खान पर भी पथरिया थाने में लूट का मामला दर्ज है। आरोपी मंजूर के खिलाफ भी पूर्व में एनडीपीएस के केस दर्ज हैं।
जब्त सामान:
- चरस: कुल 1.630 किलोग्राम (कीमत ₹7 लाख)
- वाहन: एक एक्टिवा दोपहिया वाहन
- इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: दो मोबाइल फोन और एक छोटा डिजिटल तौल कांटा
भोपाल पुलिस की अपील: नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
सराहनीय भूमिका: इस बड़ी कार्यवाही में थाना प्रभारी अशोक मरावी, उनि नितिन पटेल, सउनि विजय सिंह, सउनि चंद्र मोहन मिश्रा और उनकी टीम के विनोद सिसोदिया, सुरेन्द्र शर्मा व अन्य साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





