धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
पुस्तकों का होगा वितरण और होगी संस्कृतिक व खेल गतिविधियां
अप्रैल माह में होगा छात्राओं के कौशल विकास पर जोर
कुक्षी – सपनों की उड़ान भरने और भविष्य से भेंट करने के लिए नवीन शैक्षणिक सत्र 2026- 27 की शुरुआत 1 अप्रैल से प्रवेशोत्सव के रूप में होने जा रही है । 23 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित होते ही कक्षोन्नति और नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है । नए शिक्षा सत्र के पहले दिन 1 अप्रैल को जनप्रतिनिधियों , पत्रकार बंधुओं, अभिभावकों व छात्र – छात्राओं को आमंत्रित किया गया है । उक्त जानकारी देते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण किया जाएगा तथा राज्य शासन की छात्रहितैषी कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जावेगी। जनप्रतिनिधि इस अवसर पर छात्र – छात्राओं को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे ।
स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुक्षी के संस्था प्रभारी नरेन्द्र कुमार सिर्वी तथा प्रवेशोत्सव प्रभारी श्रीमती कविता मुकाती ने बताया कि संस्था में 1 अप्रैल को प्रवेशोत्सव होगा जिसमें कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को पुस्तकों का वितरण अतिथियों से करवाया जावेगा । इस अवसर पर प्रवेशोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए अभिभावकों के लिए सांस्कृतिक व सामूहिक खेल भी होंगे। शिक्षकों द्वारा शिक्षक दैनंदिनी में शैक्षणिक कैलेण्डर अनुसार इकाईवार पाठ्यक्रम विभाजन किया जाकर अध्ययन अध्यापन की शुरूआत की जावेगी ।
2 अप्रैल को एसएमडीसी शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठक आयोजित कर नामांकन , उपस्थिति हेतु प्रेरणा अभियान , घोषित परीक्षा परिणाम की समीक्षा , अध्ययन अध्यापन की कार्ययोजना पर चर्चा की जावेगी । अप्रवेशित व शाला त्यागी छात्राओं को प्रवेश लेने हेतु प्रेरित किया जावेगा । अप्रैल माह में नवीन सत्र की शुरूआत के लिए शिक्षा के प्रति रूचि जाग्रत करने के लिए श्रुत लेखन , मात्रागत त्रुटियां , अंग्रेजी के शब्दकोश में ज्ञान वृद्धि , अपठित गद्यांशों को पढ़ना व अपेक्षित प्रश्नों के सटीक उत्तर लिखना , गुणा, भाग , व्याकरण ज्ञान , ज्यामितीय आकृतियों को जानना व पहचानना , पुस्तकों का नियमित वाचन करने पर आधारित कौशल विकास की गतिविधियां आयोजित की जावेगी । कक्षा 9 वीं की छात्राओं के लिए 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक विषयवार ब्रिजकोर्स पर आधारित बेसलाइन टेस्ट आयोजित होगा ।
बोर्ड परीक्षा प्रभारी व स्थानीय परीक्षा प्रभारी बी. एल. गेहलोत व लक्ष्मणसिंह जामोद ने बताया कि प्रथम परीक्षा में असफल रहे छात्र – छात्राओं के लिए द्वितीय अवसर की परीक्षा होगी । कक्षा 10 वीं की द्वितीय अवसर की परीक्षा 7 मई से 19 मई 2026 तक तथा कक्षा 12 वीं की द्वितीय अवसर की परीक्षा 7 मई से 25 मई 2026 तक होगी। कक्षा 9 वीं की द्वितीय अवसर की परीक्षा 3 जून से 12 जून तक तथा कक्षा 11 वीं की द्वितीय अवसर की परीक्षा 3 जून से 13 जून तक सम्पन्न होगी।





