ad
best news portal development company in india

मतदाता नामावली का शुद्धिकरण कार्यक्रम 20 वर्षों बाद विशेष गहन पुनरीक्षण के रूप में महत्वपूर्णः जिला निर्वाचन अधिकारी भव्या मित्तल

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में राजनैतिक दलों और मीडियाकर्मियों की बैठक आयोजित

खरगोन। जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर भव्या मित्तल ने कहा कि जिले में आज से प्रारंभ हुआ निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण 7 फरवरी 2026 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि 20 वर्ष बाद हो रहा यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है जो मतदाता सूची के शुद्धिकरण के माध्यम से लोकतंत्र को सशक्त बनाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण अब तक चलाए जा रहे वार्षिक पुनरीक्षण से भिन्न होगा क्योंकि इसमें बीएलओ घर घर जाकर गणना पत्रक में जानकारी इकट्ठा करेंगे जिसके आधार पर ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। ड्राफ्ट नामावली में दावा आपत्ति आमंत्रित किए जाएंगे, जिनके सुनवाई व प्रमाणीकरण के उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी भव्या मित्तल ने बताया कि 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक गणना पत्रकों का मुद्रण और संबंधित प्रशिक्षण चरण होगा। घर घर गणना का चरण 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित होगा, जिसमें बीएलओ अधिकतम तीन बार घरों में जाकर संपर्क करेंगे। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर को किया जाएगा। 8 जनवरी तक दावा और आपत्ति दर्ज करवाने की अवधि होगी। नोटिस चरण 9 दिसंबर से 31 जनवरी तक चलेगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 9 फरवरी 2026 को किया जाएगा। 

जिला निर्वाचन अधिकारी  ने बताया कि जिले में 6 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिसमें 742645 पुरुष, 737495 महिला और 16 अन्य, कुल 1480156 मतदाता दर्ज हैं। जिले में 100 वर्ष से अधिक आयु के सभी मतदाताओं का सत्यापन भी किया जा चुका है। जिले में वर्तमान में कुल 1554 मतदान केंद्र हैं, और विशेष गहन पुनरीक्षण के परिणामस्वरूप नए 274 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं, क्योंकि किसी भी मतदान केंद्र में 1200 से अधिक मतदाता नहीं रखे जाने हैं। वर्ष 2003 के विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची https://voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है, जिसमें सभी मतदाता अपनी जानकारी देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने गणना पत्रक स्वयं ऑनलाइन प्रिंट करने की भी व्यवस्था दी है। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम में एनएसएस और एनसीसी के वालंटियर का भी सहयोग लिया जाएगा।

गणना पत्रक, नए नामांकन के लिए फॉर्म 6, विलोपन के लिए फॉर्म 7 और स्थानांतरण के लिए फॉर्म 8 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गणना पत्रक में क्यूआर कोड होगा, जिसकी सहायता से त्रुटिरहित गणना संभव हो सकेगी। उन्होंने राजनैतिक दलों से अनुरोध किया कि वे बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति शीघ्र करें। उन्होंने दलों और मीडियाकर्मियों से अनुरोध किया कि सभी मतदाताओं को मोबाइल नंबर की सही जानकारी देने के लिए प्रेरित करें जिससे प्रवासी श्रमिकों के चिन्हांकन में आसानी हो। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में भ्रांति और अफवाहों पर अंकुश रखने में योगदान देने की अपील की। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, सहायक कलेक्टर जामदार फरहान इरफान, डिप्टी कलेक्टर अनिल जैन उपस्थित थे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *