खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
गोगावां पुलिस की कार्रवाई: 11 हजार की शराब और करीब 1 लाख रुपए की बाइक जब्त, आरोपी गिरफ्तार
खरगोन। जिले के गोगावां थाने की चौकी अहिरखेड़ा में अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोगावां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक से कच्ची हाथ भट्टी की महुआ शराब ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 55 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 11 हजार रुपए बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को अहिरखेड़ा चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति उमरदड़ की ओर से साला गांव की तरफ बाइक से अवैध महुआ शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भोजराज परमार के नेतृत्व में टीम ने ग्राम साला रोड पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति बाइक पर बोरियां लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी की पहचान लखन पिता रामलाल निन्दावले (35), निवासी ग्राम साला, चौकी अहिरखेड़ा के रूप में हुई। बाइक पर रखी बोरियों की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की पन्नियों में कुल 55 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की महुआ शराब मिली। आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने शराब के साथ करीब एक लाख रुपए कीमत की एचएफ डिलक्स बाइक जब्त की। मामले में थाना गोगावां में अपराध क्रमांक 313/26 के तहत धारा 34(1)(क) और 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
कार्रवाई एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक यादव और चौकी प्रभारी भोजराज परमार के नेतृत्व में की गई। टीम में आरक्षक विमल यादव, चोलाराम तिरोले, राहुल निगवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





