ad
best news portal development company in india

पश्चिम क्षेत्र कबड्डी स्पर्धा में झाबुआ का दबदबा

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

बालक-बालिका दोनों वर्गों में झाबुआ विजेता, धार की टीमें रहीं उपविजेता,
175 खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का राज्य प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

खरगोन । स्टेडियम ग्राउंड खरगोन में शनिवार को पश्चिम क्षेत्र स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पश्चिम क्षेत्र के सात जिलों से आए लगभग 175 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों में झाबुआ की बालक एवं बालिका टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में विजेता का खिताब अपने नाम किया। धार की दोनों टीमें उपविजेता रहीं।

जनजातीय कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता में खरगोन, बड़वानी, धार, रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ एवं इंदौर जिले के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने दमदार रेड, मजबूत पकड़ और बेहतर तालमेल के साथ खेल भावना का परिचय दिया।

सांसद गजेन्द्र पटेल ने फहराया विभागीय ध्वज

प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने विभागीय ध्वज फहराकर किया। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। सांसद गजेंद्र पटेल ने खिलाड़ियों को अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ खेल खेलने की शपथ दिलाई। साथ ही नशामुक्ति एवं स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए खेलों के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त समाज निर्माण का संदेश दिया।

जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त कविता आर्य ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक वाघ ने बताया कि पश्चिम क्षेत्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडला में आयोजित होने वाली विभागीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल शिक्षक सुरेंद्र सिंह पवार, विजय पाटिल, जितेंद्र भावसार, राजेंद्र मंडलोई, सुरेश हिरवे, लखन पटेल एवं जगदीश किराड़े ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र हिरवे ने किया।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *