जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार दसई
दसई। अमझेरा थाना पुलिस ने दसई में महिला से मंगलसूत्र झपटने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र का करीब 6 ग्राम वजन का पेंडल और 14 मोती बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को सीमाबाई पति माधव पाटीदार (45), निवासी नीम चौक, दसई, रात करीब 7:40 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकली थीं। इसी दौरान मांगोद-दसई रोड पर काका व्यास पेट्रोल पंप के पास स्पीड ब्रेकर से कुछ आगे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर करीब एक तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया और दसई की ओर फरार हो गए।
महिला की रिपोर्ट पर थाना अमझेरा में अपराध क्रमांक 281/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारुल बेलापुरकर एवं एसडीओपी सरदारपुर श्री विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी श्री राजू मकवाना के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 24 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता कैलाश खराड़ी (38 वर्ष), निवासी ग्राम अहमद (बोला) और कृष्णा पिता जंगलसिंह मुनिया (26 वर्ष), निवासी ग्राम बड़वेली के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विकास के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र का लगभग 6 ग्राम वजन का पेंडल तथा आरोपी कृष्णा मुनिया के कब्जे से सोने के मंगलसूत्र के 14 मोती बरामद किए गए हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में उनि. दिनेशसिंह यादव, प्रआर. मेहरबानसिंह गुर्जर, प्रआर. मन्नुसिंह भूरिया, प्रआर,अमित पाठक, प्रआर,भारतसिंह बामनिया, आर, रमेश भौसले तथा साइबर आरक्षक प्रशांत एवं महेश सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक धार द्वारा उचित ईनाम देने की घोषणा की गई है।





