ad
best news portal development company in india

भोपाल: टीटी नगर पुलिस की बड़ी सफलता; 24 घंटे में चोरी का खुलासा, शातिर महिला आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

वाशिंग मशीन में छिपा रखे थे 2.5 लाख नगद और जेवरात; आरोपी महिला पर दर्ज हैं दो दर्जन से ज्यादा अपराध

भोपाल। राजधानी के टीटी नगर थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए एक शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी की गई 2.5 लाख रुपये की नगदी और करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पकड़ी गई आरोपी रजिया खान पर पूर्व से दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

शिव बारात में गई थी फरियादिया, पीछे से साफ हुआ घर

पुलिस के अनुसार, बाणगंगा निवासी फरियादिया मंगला बंसोडे 15 फरवरी को दोपहर करीब 2:00 बजे घर का ताला लगाकर शिव बारात में शामिल होने गई थीं। अज्ञात चोर ने गमले में रखी घर की चाबी से ताला खोला और अलमारी के भीतर रखे 3 लाख रुपये नगद सहित सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, चेन और चांदी का गुच्छा चोरी कर लिया। रात 10:30 बजे जब फरियादिया ने अलमारी खोली, तब चोरी का पता चला।

वाशिंग मशीन से बरामद हुआ मशरूका

वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ऐशबाग क्षेत्र के जनता क्वार्टर में रहने वाली रजिया खान (44 वर्ष) को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में टालमटोल करने के बाद सख्ती बरतने पर रजिया ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। जब पुलिस उसके घर तलाशी लेने पहुंची, तो उसने चोरी की नगदी और जेवरात घर में रखी वाशिंग मशीन के भीतर छिपाकर रखे थे।

26 अपराधों की ‘मास्टरमाइंड’ है रजिया

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रजिया खान एक आदतन अपराधी है। उस पर भोपाल के विभिन्न थानों (ऐशबाग, जहांगीराबाद, हनुमानगंज, टीटी नगर) के अलावा इंदौर के सराफा थाने में भी चोरी और नकबजनी के कुल 26 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

कुल बरामदगी (कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये):

  • 2.5 लाख रुपये नगद।
  • सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, सोने की चेन व लॉकेट।
  • चांदी का गुच्छा।

सराहनीय भूमिका: इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर, उनि राघवेन्द्र सिंह सिकरवार, सउनि राजकुमार दुबे, कन्हैयालाल, प्रआर रविन्द्र पाल, अनंत सोमवंशी, ऋषिकेश राय, शिशुपाल, ओमप्रकाश और तकनीकी शाखा से आर पुष्पेन्द्र भदोरिया सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई