खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
अभ्युदय युनिवर्सिटी में होगा राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं कल्याण महोत्सव
पत्रकार जगत के हितार्थ उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य में विशेष राहत की होगी घोषणा
खरगोन। देश में पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन भारतीय पत्रकार संघ (एआईजे) के बैनर तले अभ्युदय युनिवर्सिटी का मंच रविवार को उस अनूठे कार्यक्रम का साक्षी बनने जा रहा है, जिसमें देशभर के पत्रकार एक मंच पर एकत्रित होंगे। एआईजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजीजुद्दीन शेख, एआईजे के प्रदेश संयोजक आमिर शेख, ने संयुक्त रुप से प्रेसनोट जारी कर बताया कि संभवतः निमाड़ अंचल में पहली बार वृहद स्तर पर राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं कल्याण महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसमें न केवल जिले, प्रदेश बल्कि देशभर के पत्रकार शामिल होंगे। आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई है।
इस महोत्सव की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में अभ्युदय यूनिवर्सिटी खरगोन, पारुल यूनिवर्सिटी गोवा, एसएमएस हॉस्पिटल अहमदाबाद, संकुश कैंसर हॉस्पिटल रतलाम के द्वारा विशेष सुविधाएं पत्रकार जगत के हितार्थ एआईजे की विशेष पहल पर घोषित की जाएगी। जिसके अंतर्गत पत्रकारों एवं उनके परिजनों को उच्च शिक्षा संस्थानों में अध्ययन तथा अस्पताल में उपचार पर विशेष छूट एवं विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे पत्रकार जगत को स्थायी एवं व्यावहारिक लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में डिजियाना न्यूज़ के एडिटर-इन-चीफ़ प्रतीक श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, नव भारत समूह के संपादक क्रांति चतुर्वेदी मुख्य संरक्षक, आयोजन का शुभारंभ खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय पत्रकार संघ (एआईजे) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में भगवानपुरा विधायक केदार डावर, मनावर विधायक हीरालाल अलावा, एसपी डॉ. रविन्द्र वर्मा, जी न्यूज़ संवाददाता पुष्पेंद्र वैद्य (मुख्य वक्ता), अभ्युदय यूनिवर्सिटी के कुलपति विक्रम सिंह परमार, कार्यक्रम में विशेष रुप से मिलेनियम इन्फ्रा के डायरेक्टर उमेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी एवं समाजसेवी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, नगरपालिका अध्यक्ष छाया जोशी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र से एसएमएस हॉस्पिटल की चीफ ऑपरेशनल ऑफिसर डॉ. एकता मोदी एवं एसएमएस हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मृदंग भावसार अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मीडिया जगत से दैनिक सुबह-सवेरे के संपादक हेमंत पाल, साधना न्यूज़ चैनल के एडिटर-इन-चीफ सुरेश पटेल, अनादी टीवी की सीनियर न्यूज़ एंकर पारुल केशवानी तथा पद्मश्री अलंकृत वरिष्ठ पत्रकार जगदीश जोशीला कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
भारतीय पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री ने बताया कि इस भव्य आयोजन का शुभारंभ डिजियाना न्यूज़ के एडिटर-इन-चीफ़ प्रतीक श्रीवास्तव मुख्य अतिथि, नव भारत समूह के संपादक क्रांति चतुर्वेदी मुख्य संरक्षक, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार द्वारा किया जाएगा। यह सम्मेलन न केवल पत्रकार एकजुटता का बल्कि सामाजिक सरोकार का संगम भी होगा। इसमें पत्रकारों को सम्मानित करते हुए भविष्य, स्वास्थ्य और शिक्षा सुरक्षा की दिशा में कई सौगातें भी मिलेगी।
भारतीय पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम कुशवाह ने बताया कि इस भव्य आयोजन में अयोध्या से पधार रहे त्रिकालदर्शी श्री रामलला सरकार महाराज का सान्निध्य प्राप्त होगा, जिससे कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा और राष्ट्रीय चेतना का विशेष आयाम मिलेगा। एआईजे पदाधिकारियों ने जिले के पत्रकार साथियों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सम्मेलन में पत्रकारों के हितों के लिए संगठन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेकर इसे सफल बनाएं।






