खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खरगोन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना जैतापुर पुलिस ने जेसीबी मशीन से बैटरी चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये की दो बैटरियां बरामद की हैं।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन श्रीअनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिट्टू सहगल के निर्देशन में जिलेभर में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
थाना जैतापुर क्षेत्र के कृष्णा कुंज कॉलोनी निवासी फरियादी ने 17 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खंडवा रोड पर खड़ी उनकी जेसीबी मशीन से अज्ञात चोर दो बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर थाना जैतापुर में अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी उनि सुदर्शन कलोसिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सभी संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो महिलाएं बैटरियां ले जाती हुई दिखाई दीं। जांच के दौरान जानकारी मिली कि संदिग्ध महिलाएं मगरिया फाटा क्षेत्र में डेरा डालकर रह रही हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों महिलाओं को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अरुणा पति बबलू परिहार एवं अरुणा पति बाबुराम लोंगे, निवासी ग्राम नानाखेड़ा पंधाना जिला खंडवा, हाल निवासी मगरिया फाटा खरगोन बताए। मनोवैज्ञानिक पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दोनों जेसीबी बैटरियां बरामद कर ली हैं, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
यह कार्रवाई एसडीओपी खरगोन रोहित लखारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जैतापुर उनि. सुदर्शन कलोसिया, सउनि. प्रशांत सूर्यवंशी, प्रआर. लोकेश, प्रआर. मुकेश, सउनि. रेखा भलराय, आर. मनोज एवं आर. नंद किशोर का विशेष योगदान रहा।






