खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
आनंद अल्प विराम कार्यक्रम में जीवन को महोत्सव की तरह जीने का संदेश,
सिगनुर को आदर्श आनंद ग्राम बनाने पर दिया गया विशेष जोर।
खरगोन । मध्यप्रदेश शासन के आनंद विभाग द्वारा 18 जून 2028 को गोगांवा विकासखंड के ग्राम सिगनुर में आयोजित आनंद अल्प विराम कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अनुभव साझा करते हुए महसूस किया कि दूसरों को कष्ट पहुँचाए बिना की गई मदद से जीवन में सच्चा आनंद प्राप्त होता है। कार्यक्रम का उद्देश्य जीवन में सकारात्मकता, सहयोग और संतुलन को बढावा देना रहा।

आनंद संस्थान के जिला समन्वयक के.बी. मंसारे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि जीवन को एक महोत्सव की तरह जिए। अनावश्यक तनाव से दूर रहकर उपलब्ध संसाधनों में संतोष खोजें। उन्होंने भौतिक लालसाओं के कारण गैरकानूनी कृत्यों से बचने, कठिन परिश्रम को सम्मानजनक कार्यों में लगाने तथा परिवार में बालक बालिकाओं को अनिवार्य रूप से शिक्षा दिलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्राम सिगनुर में आनंद क्लब गठन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा बताया गया कि आगामी समय में आनंद क्लब के सदस्यों को भोपाल में प्रशिक्षण के लिए शामिल किया जाएगा। सिगनुर को एक आदर्श आनंद ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए आनंद स्वयंसेवी वालंटियर बनने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर शिक्षक गोपाल मोरे, राधेश्याम जोशी, जवानसिंह बरडे, सुनीता घोंसले, संगीता कौर, जगदीश घोंसले, अजय डावर, रणछोड घोंसले, बलीराम कारले सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






