खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
हैंड हेल्ड एक्स-रे से निःशुल्क जांच, 35 लोगों की स्क्रीनिंग,
टीबी मुक्त भारत अभियान को मिल रही मजबूती
खरगोन। आकांक्षी विकासखंड झिरन्या में आयोजित जनकल्याण शिविर के अंतर्गत हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से निःशुल्क टीबी जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य टीबी रोग की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।
शिविर के दौरान कुल 35 व्यक्तियों के एक्स-रे किए गए, जिनमें 23 पुरुष एवं 12 महिलाएं शामिल रहीं। जांच के माध्यम से संभावित टीबी रोगियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणजनों को टीबी के प्रमुख लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों तक शिविर का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
शिविर के आगामी दिवसों में टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट का वितरण भी किया जाएगा। यह पहल मरीजों के पोषण स्तर में सुधार लाने तथा उपचार अवधि के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है।





