टोंक खुर्द इस्लाम पटेल
देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। देवास-मक्सी रोड स्थित ग्राम टोंक कला में संचालित बारूद और पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि फैक्ट्री परिसर में आग फैल गई और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से देवास जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
जिला अस्पताल सूत्रों के अनुसार अब तक 11 घायलों को इंदौर भेजा गया है, जबकि 12 लोगों का इलाज देवास जिला चिकित्सालय में जारी है। अस्पताल में लगातार घायलों को लाने का सिलसिला जारी रहा, जिसके चलते अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। एडीजी उज्जैन राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, डीआईजी, कलेक्टर और एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। राहत दल फैक्ट्री परिसर में फंसे लोगों की तलाश में जुटा रहा। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर बारूद में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





