धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
आरोपियों पर जिला बदर व रासुका लगा जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग
धार। शनिवार को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के संभागीय उपाध्यक्ष व दैनिक दोपहर समाचार पत्र के पत्रकार अमरदीप सोलंकी पर शहर के भूमाफिया ओर आदतन बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। जिसको लेकर जिले भर के पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
हमला करने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी ओर उन्हें कडी सजा दिलाए जाने को लेकर कल बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एसपी कार्यालय पहुँच कर संयुक्त पत्रकार संगठन के बैनर तले ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्यवाही की मांग की।
ज्ञात हो कि शहर के पाटीदार चौराहे पर शनिवार शाम पत्रकार सोलंकी पर हुए जानलेवा हमले कि घटना ने जिले भर के पत्रकारो को आक्रोशित कर दिया है।
भूमाफियाओं और अपराधियों के बेखौफ हौसलों के खिलाफ सोमवार को जिले के तमाम पत्रकार संगठन लामबंद हो गए।
हमले के विरोध में धार जिला पत्रकार संघ युवा पत्रकार संघ आर्यावर्त पत्रकार संघ सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब म.प्र श्रमजीवी पत्रकार संघ भारतीय पत्रकार संघ ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री व एसपी के नाम एएसपी विजय डावर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 25 अप्रैल की शाम लगभग 5:30 बजे आरोपी आदतन अपराधी लोकेश वाघेला उर्फ दबंग भूमाफिया विजय वर्मा और उनके साथियों ने शराब के नशे में धुत होकर पत्रकार अमरदीप सोलंकी का रास्ता रोका ओर आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज करते हुए बेसबॉल के डंडों और लात-घूंसों से जानलेवा हमला कर दिया इस हमले में पत्रकार सोलंकी के घुटने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद बेखौफ आरोपियों ने कोतवाली थाने में ही पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी पत्रकार को अपशब्द कहते हुए दोबारा हमला करने की धमकी दी।
ज्ञापन में पत्रकारों ने मांग की है कि आरोपियों पर सामान्य मारपीट की जगह जानलेवा हमला आपराधिक षड्यंत्र और सामूहिक हमले की कठोर धाराएं जोड़ी जाएं आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड देख उन पर जिला बदर रासुका ओर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए साथ ही हमले के पीछे सक्रिय भूमाफिया अपराधी गठजोड का पर्दाफाश किया जाए।
प्रदेश में जल्द से जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।
आक्रोशित पत्रकारों ने कहा कि यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार है अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर के पत्रकार सडकों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान धार के वरिष्ठ पत्रकारों सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य बडी संख्या में उपस्थित थे।
एएसपी विजय डावर ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





