मछली पकड़ने वाले जाल की तरह बिछाया 150 पुलिसकर्मियों का पहरा; 900 CCTV फुटेज और 100 संदिग्धों से पूछताछ के बाद हत्थे चढ़ा आरोपी
मुख्य संवाददाता : ज़िया खान
भोपाल | राजधानी के पिपलानी और अयोध्या नगर क्षेत्र में राह चलती लड़कियों के चेहरे और शरीर पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाले ‘सीरियल कटर मैन’ को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महेंद्र (37), निवासी सागर, हाल निवासी करोंद को पुलिस ने घेराबंदी कर जंगल क्षेत्र से दबोचा। पकड़े गए आरोपी ने भोपाल की 4 वारदातों सहित सागर में भी पूर्व में इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

दो घंटे में की थी चार वारदातें घटनाक्रम के अनुसार, बीती 29 जनवरी की रात 9:30 से 11:30 बजे के बीच इस सिरफिरे बदमाश ने सोनागिरी, इंद्रपुरी और नरेला जोड़ क्षेत्र में कोहराम मचा दिया था। इसने मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक के बाद एक 4 लड़कियों पर कटर से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित विभिन्न धाराओं में 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए थे।
40 टीमें और 25 हजार का इनाम मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार और अति. पुलिस आयुक्त श्री अवधेश गोस्वामी के निर्देशन में 40 टीमें गठित की गई थीं। लगभग 150 पुलिसकर्मियों ने दिन-रात एक कर 900 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
सागर का पुराना रिकॉर्ड, चोरी की बाइक का इस्तेमाल पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महेंद्र आदतन अपराधी है। उसने 2014 में सागर शहर में भी इसी तरह की 4 घटनाओं को अंजाम दिया था। भोपाल की वारदातों के लिए उसने 4 महीने पहले करोंद मंडी से एक मोटरसाइकिल चुराई थी। घटना के बाद वह अपने घर में छिप गया था और जब दोबारा वारदात की नीयत से निकला, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में डीसीपी विवेक सिंह, एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी, शैलेंद्र सिंह चौहान और एसीपी स्तर के अधिकारियों सहित थाना प्रभारी महेश लिल्हारे (अयोध्या नगर), चंद्रिका यादव (पिपलानी), अवधेश तोमर (गोविन्दपुरा) और सुरेश मीणा (अवधपुरी) की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपराध का कच्चा चिट्ठा
- आरोपी: महेंद्र अहिरवार (37), निवासी सागर (बेलदार/मिक्सर मशीन चालक)।
- जब्ती: घटना में प्रयुक्त कटर, चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, कपड़े और जूते।
- पुराना रिकॉर्ड: सागर और भोपाल में कुल 9 गंभीर मामले दर्ज।
- मोडस ऑपेरंडी: राह चलती महिलाओं पर अचानक कटर से हमला कर फरार हो जाना।






