ad
best news portal development company in india

खौफनाक वारदात: कसरावद में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, एनवीडीए रेस्ट हाउस के पास मिला शव

SHARE:

शहर में फैली दहशत; एएसपी, एसडीओपी सहित फॉरेंसिक टीम ने मौके पर संभाला मोर्चा, आरोपियों की तलाश शुरू

संवाददाता: सलीम खान खरगोन जिले के कसरावद नगर में शुक्रवार की देर रात एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ वार्ड क्रमांक 5 स्थित एनवीडीए रेस्ट हाउस (बेड़ी क्षेत्र) में एक युवक की पत्थरों से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह जब युवक का रक्तरंजित शव संदिग्ध अवस्था में मिला, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सिर पर भारी पत्थर से किए वार मृतक की पहचान राकेश चौहान निवासी कसरावद के रूप में हुई है। घटनास्थल के हालात देखकर स्पष्ट होता है कि अज्ञात हमलावरों ने युवक को घेरकर उसके सिर पर भारी पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। वारदात इतनी बेरहमी से की गई कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का मुआयना हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल, एसडीओपी श्वेता शुक्ला और थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल के आसपास संदिग्ध ठिकानों की जांच की, वहीं फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

परिजनों में मचा कोहराम युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बहन अंजू चौहान ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस रंजिश और अन्य संदिग्ध बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है।

अधिकारियों के कथन :

“हमें सूचना मिली थी कि बेड़ी क्षेत्र में एक शव पड़ा है। प्रथम दृष्टया यह पत्थर से कुचलकर हत्या का मामला लग रहा है। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।”

— श्वेता शुक्ला, एसडीओपी

  • वारदात स्थल: एनवीडीए रेस्ट हाउस बेड़ी क्षेत्र (वार्ड 5)।
  • मृतक: राकेश चौहान, निवासी कसरावद।
  • जांच एजेंसियां: स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड।
  • वर्तमान स्थिति: अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, तफ्तीश जारी।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *