देवास टोक खुर्द : इस्लाम पटेल——-
सोनकच्छ। देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से आयोजित “सांसद खेल महोत्सव” का भव्य आयोजन हाल ही में सोनकच्छ नगर में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 13 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें टोंक खुर्द के खिलाड़ियों ने अपनी खेल भावना और कौशल से सभी का दिल जीत लिया।

T.F.C. क्लब ने मारी बाजी
खो-खो प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले में भारत हायर सेकेंडरी स्कूल, टोंक खुर्द के कक्षा 12वीं के चार छात्रों के नेतृत्व वाली टीम T.F.C. (टॉक फ्रेंचाइजी क्लब) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम ने अपनी फुर्ती और सटीक रणनीति के बल पर विपक्षी टीमों को मात दी और खिताबी जीत हासिल की।
11,000 रुपये का नगद पुरस्कार
विजेता टीम के रूप में भारत हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र राज सिसोदिया, जुनैद शाह, हर्षित व्यास और वंश पवार को उनकी इस उपलब्धि पर 11,000 रुपये का नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर
छात्रों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक डॉ. अनार सिंह ठाकुर एवं प्राचार्य दीपेंद्र सिंह ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने भी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं यदि दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ें, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन कर सकती हैं।






