ad
best news portal development company in india

32वें निमाड़ उत्सव के दूसरे दिन संत सिंगाजी की महिमा और निमाड़ी गणगौर की प्रस्तुति ने मोहा मन

SHARE:

खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

देर रात 12:30 बजे तक चला निमाड़ी कवि सम्मेलन, कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां

खरगोन। । मां अहिल्या की पावन नगरी महेश्वर में आयोजित तीन दिवसीय 32वें निमाड़ उत्सव के दूसरे दिन नर्मदा तट पर लोक-संस्कृति, आध्यात्म और निमाड़ी साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में संत सिंगाजी महाराज की महिमा और निमाड़ी गणगौर की परंपरा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ निमाड़ी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देर रात 12:30 बजे तक चले कवि सम्मेलन में कवियों ने हास्य, व्यंग्य, भक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

दूसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत भोपाल के निर्देशक चंद्रमाधव पारिक के निर्देशन में प्रस्तुत नृत्य-नाट्य ‘खेती खेड़ो हरिनाम की’ से हुई। इसमें संत सिंगाजी महाराज की आध्यात्मिक महिमा, लोकजीवन से उनके जुड़ाव और निमाड़ी गणगौर की सांस्कृतिक परंपरा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति ने दर्शकों को निमाड़ की भक्ति, लोककला और परंपराओं से रूबरू कराया।

इसके पश्चात आयोजित निमाड़ी कवि सम्मेलन में निमाड़ अंचल के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांधा। महेश्वर के हरीश दुबे ने निमाड़ की पावन धरा और मां नर्मदा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए लोक-आस्था से जुड़े भट्याण और प्रसाद के महत्व को अपनी रचना में पिरोया। कसरावद के गौतम रावल ने निमाड़ की सांस्कृतिक समृद्धि और नए निमाड़ी गीतों के माध्यम से अंचल की विशेषताओं को प्रस्तुत किया। ईटावदी के मनीष पाटीदार ने बुजुर्ग माता-पिता के सम्मान और परिवार में उनके महत्व का संदेश दिया।

इसी क्रम में घेगाव के राजेश प्रजापत ने मां नर्मदा के निर्मल जल, निमाड़ी व्यंजनों और महेश्वर के घाटों के सौंदर्य का वर्णन किया। बडूद के पारस बिरला ने संत सिंगाजी, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के सुशासन, संत सियाराम बाबा और दादा धूनीवाले के योगदान का स्मरण करते हुए निमाड़ की माटी को नमन किया। भीकनगांव के कृष्णपाल सिंह राजपूत ‘इगरिया’ ने निमाड़ी गीतों के माध्यम से ग्रामीण जीवन और पारिवारिक रिश्तों को अभिव्यक्त किया, जबकि खरगोन के छोगालाल कुमरावत ‘सुजस’ ने अन्याय और वचनभंग के विरुद्ध अपनी रचना के माध्यम से विचार व्यक्त किए। सम्मेलन में सनावद के डॉ. शैलेंद्र चोकड़े, बड़वानी की जीवनलता शर्मा और करही के राजेश वर्मा सहित अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं की खूब दाद बटोरी।

कार्यक्रम में महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, भगवानपुरा के पूर्व विधायक जमना सिंह सोलंकी, मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल, वरिष्ठ नेता सीताराम ठाकुर चोली, मण्डलेश्वर मंडल उपाध्यक्ष विलास ठाकुर, जनजातीय लोक कला अकादमी भोपाल के निदेशक तथा तहसीलदार कैलाश सस्त्या सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई