जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार बरमंडल
सरदारपुर। मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमंडल पहुंचकर दिवंगत टीआई दिलीप पुरी के निवास पर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि घटना से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है तथा कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे उनका प्रभाव या पहचान कुछ भी हो।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है और मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले सभी दोषियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री की ओर से घोषित सहायता और सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शोक संतप्त परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, दिवंगत टीआई की पत्नी को उपनिरीक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति तथा उन्हें शहीद का दर्जा देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही परिवार के बच्चों की शिक्षा की समुचित व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया गया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी और मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





